Thursday, August 12, 2021

International Youth Day 2021: सफल लोगों का अनुसरण सफलता की गारंटी नहीं

International Youth Day 2021: हो सकता है आप दुनिया के सबसे तेज और प्रतिभाशाली व्यक्ति नही हों, लेकिन लगातार मेहनत करें तो सफलता मिलनी तय है। सफलता निरंतर चलने वाला अभ्यास है। इसका कोई शॉर्टकट नहीं है। हर व्यक्ति में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है, जरूरत है उसको पहचानने की।

एक प्रवृत्ति के तौर पर युवाओं ने सफल लोगों की नकल करना शुरू कर दिया है। मशहूर लोग दैनिक जीवन में जो करते हैं, ये युवा उन कार्यों और आदतों की नकल करते हैं। हालांकि, शुरू-शुरू में यह सही रणनीति प्रतीत हो सकती है, लेकिन अगर यह रणनीति वास्तव में प्रभावी होती तो हर युवा जिसने कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी, एपल के संस्थाक स्टीव जॉब्स की तरह सक्सेसफुल होता। सफल लोगों का अनुसरण आकर्षक प्रवृत्ति हो सकती है, लेकिन इससे निश्चित रूप से सफलता की गारंटी नहीं मिल जाती।

रुचि व क्षमता का विशेष ध्यान रखें-
सफल होने का कोई एकमात्र कारण या तरीका नहीं होता है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था, उठो, जागो और तब तक रुको नहीं जब तक कि तुम अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते। लेकिन अक्सर युवाओं को यह पता ही नहीं होता कि उनका लक्ष्य क्या है। वे जीवन में क्या करना चाहते हैं। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें कि आप करना क्या चाहते हैं। लक्ष्य निर्धारित करते समय अपनी रुचि और क्षमता का विशेष ध्यान रखें।

लक्ष्य प्राप्ति में टाइम मैनेजमेंट बेहद अहम -
किसी भी योजना को अंजाम देने के लिए टाइम मैनेजमेंट बेहद अहम है। यह एक दिन में संभव नहीं है। यह तभी संभव है, जब आप इसका रोज अभ्यास करते हैं। अपनी कमजोरियों को जानकर समय रहते उसे दूर कर लेते हैं तो सफलता के चांसेज काफी बढ़ जाते हैं। सिर्फ अपनी कमियों को जानने और प्लानिंग बना लेने से ही सफलता नहीं मिलती है।

योजना के अनुरूप काम को अंजाम दें-
सफलता प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि आप योजना के अनुरूप काम को अंजाम दें और जो कमियां रह जाती हैं, उन्हें समय-समय पर दूर करते चलें। अगर आप किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपना 100 फीसदी देते हैं तो कोई कारण नहीं कि आपको सफलता नहीं मिले।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3iFGl89