Thursday, December 30, 2021

समोसा बेचकर घर का खर्च चलाते थे नेहा कक्कड़ के पिता, गरीबी के चलते बचपन से ही जगराते में गाती थीं गाना

आज नेहा जिस ऊंचे मुकाम पर हैं, वहां पहुंचने के लिए उन्होंने खूब मेहनत की है। इतना ही नहीं बचपन में उन्होंने काफी स्ट्रगल किया था और यही वजह है कि इतनी पॉपुलैरिटी मिलने के बाद भी वह जमीन से जुड़ी हुई हैं। हालांकि, नेहा के इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके परिवार का बड़ा रोल है। खासकर, नेहा के पिता और उनकी बहन सोनू कक्कड़ का। नेहा कई बार अपनी जिंदगी के सफर को बयां भी कर चुकी हैं। आज हम आपको बताएंगे नेहा के संघर्ष की वो कहानी जिसके बारे में जानकर आपके मन में सिंगर के प्रति सम्मान पहले से भी ज्यादा बढ़ जाएगा।

आपको बता दें कि नेहा और उनके परिवार ने बहुत गरीबी देखी है। परिवार चलाने के लिए नेहा के पापा उनकी बहन सोनू के कॉलेज के बाहर समोसा बेचा करते थे। इस वजह से कई बार तीनों भाई-बहन को बच्चे चिढ़ाते थे। अपने इस स्ट्रगल के बारे में खुद नेहा कक्कड़ ने 2017 में 'इंडियन आइडल' के दौरान बताई थी। नेहा शो के दौरान अपनी कहानी सुनाते-सुनाते इमोशनल हो गई थीं। उन्होंने कहा था, "जब मैं छोटी थी, तब मेरी फैमिली की हालत ठीक नहीं थी। जिस स्कूल में मेरी बहन सोनू कक्कड़ पढ़ती थी, वहां मेरे पापा समोसे बेचा करते थे।"

पिता को यूं स्ट्रगल करता देख नेहा, उनके भाई टोनी और बहन सोनू कक्कड़ ने जागरण में गाना शुरू कर दिया। नेहा ने कहा- "हम लोग शाम को 7 बजे से लेकर सुबह के 5 बजे तक गाते थे फिर चाहे गर्मी हो या फिर ठंड।" नेहा हमेशा अपनी सफलता का श्रेय अपनी बड़ी बहन सोनू को देती आई हैं। उनकी प्रशंसा करते हुए नेहा ने शो में कहा था कि "मैंने चार साल की उम्र से गाना शुरू कर दिया था। सोनू दीदी ने भी कम उम्र से ही गाना शुरू किया था। मेरा परिवार म्यूजिक से जुड़ा हुआ नहीं है। सोनू दीदी ही हमारे घर की पहली सिंगर थीं। अगर वो नहीं होती तो शायद आज मैं सिंगर नहीं होती। मैं आज जो कुछ भी हूं, सोनू दीदी की वजह से ही हूं। सोनू और टोनी मेरी जान हैं।"

यह भी पढ़े - 'आई रियली लाइक किसिंग आलिया भट्ट': अर्जुन कपूर

माता की चौकी में गाने वालीं नेहा 'इंडियन आइडल' के फाइनल तक पहुंची थी, उन्हें स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही 'इंडियन आइडल' में हिस्सा लेने का मौका मिला। जब नेहा 11वीं क्लास में थीं तब वे बतौर कंटेस्टेंट इस शो का हिस्सा बनी थीं। नेहा इंडियन आइडल-2 (2006) में ज्यादा आगे नहीं जा पाई थीं। उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था। इसके बाद नेहा ने 2008 में खुद का एल्बल (नेहा द रॉक स्टार) लॉन्च किया। नेहा का पहला हिट सॉन्ग था सेकंड हैंड जवानी (कॉकटेल), लेकिन वो मशहूर हुईं यारियां फिल्म के गाने 'सनी-सनी' से।

neha_kakkar_merriage.jpg


आज बॉलीवुड के टॉप सिंगर्स में नेहा का नाम शामिल है। अब तो गाने के अलावा कक्कड़ रियलिटी शोज भी जज करती हैं। गनीमत देखिए जिस शो से उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था आज वो उसी शो को जज कर रही हैं। नेहा कक्कड़ ना सिर्फ एक बेहतरीन सिंगर हैं बल्कि एक बहुत अच्छी इंसान भी हैं। सोशल मीडिया पर नेहा अपने फैंस के साथ हमेशा जुड़ी रहती हैं। बीते साल नेहा अपनी शादी को लेकर भी खूब चर्चा में रही। नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह की मुलाकात एक गाने को रिकॉर्ड करने के दौरान हुई थी। उनका ये गाना 'नेहू दा व्याह' काफी हिट हुआ, जिसके बाद दोनों एक दूसरे को डेट करने लगे और कुछ दिनों बाद दोनों से शादी करने का फैसला कर लिया। बता दें कि नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह ने पिछले साल 24 अक्टूबर को सात फेरे लिए और शादी के बंधन में बंध गए।

यह भी पढ़े - निक जोनस ने शेयर किया अपना और देसी गर्ल का बेडरूम सीक्रेट



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3EGKbWa