नई दिल्ली: टीवी एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन से पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। दिव्या को कोविड-19 था। हालत नाजुक होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन सोमवार सुबह 3 बजे वह जिंदगी की जंग हार गईं। इसी महीने उनकी पहली वेडिंग एनिवर्सरी थी। पिछले साल 2019 को दिव्या ने अपने बॉयफ्रेंड गगन के साथ शादी की थी।
परिवार वालों के खिलाफ जाकर की शादी
दिव्या और गगन पांच साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे थे। जिसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। हालांकि दिव्या का परिवार इस शादी के खिलाफ था। ऐसे में उन्होंने अपने परिवार के मर्जी के बिना ही गगन के साथ सात फेरे लिए। दोनों ने मुंबई के गुरुद्वारे में फैमिली की गैरमौजूदगी में शादी की। इसमें दोनों के करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। खबरें हैं कि दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं इसलिए परिवार वाले नहीं चाहते थे कि दोनों शादी करें।
एक इंटरव्यू में दिव्या ने अपनी शादी को लेकर कहा था, सबकुछ अचानक हुआ। हम 5 साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हमने साथ में कई तूफान देखे हैं। लेकिन हमें पता था कि हमें साथ ही रहना है। हमने काफी तकलीफें झेली हैं। हमारे परिवार ने हमारे रिश्ते को एक्सेप्ट नहीं किया है। हम दोनों ने जब-जब शादी करने का सोचा तो कोई न कोई समस्या आ खड़ी हुई।
हिना खान ने दी श्रद्धाजंलि
दिव्या के निधन से उनके दोस्त काफी दुखी हैं। एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्या के साथ-साथ हिना खान ने भी दिव्या को श्रद्धाजंलि दी है। हिना ने एक्ट्रेस की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'यह लड़की सोना थीं, खुलकर जिंदगी जीती थीं। बहुत ही खूबसूरत इंसान थीं और इनकी आंखों में चमक दिखती थी। तुम्हारी बहुत याद आएगी। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दें।' बता दें कि दिव्या के दोस्त ने बताया कि दिव्या का सुबह 3 बजे निधन हुआ है। अचानक रात को 2 बजे उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। जिसके बाद रात 3 बजे डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2JFoUFW