Tuesday, December 8, 2020

वैक्सीन के असर से सोना और चांदी हुआ सस्ता, जानिए कितने घटे दाम

नई दिल्ली। ब्रिटेन में शुरू हुआ वैक्सीनेशन प्रोग्राम और अमरीका में वैक्सीन को लेकर चल रही डेवलपमेंट के बाद सर्राफा कारोबार में गिरावट देखने को मिल रही है। भारतीय वायदा बाजार में इक्विटी मार्केट में तेजी के कारण भी दबाव देखने को मिल रहा है। जिसकी वजह से सोने और चांदी के दाम में गिरावट का दौर है। अगर बात आज की करें तो सोना 380 रुपए से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। जबकि चांदी के दाम में करीब 800 रुपए की गिरावट देखने को मिल रही है। जानकारों की मानें तो गोल्ड ट्रेडर्स की ब्रेग्जिट डील पर भी नजरें रहेंगी। आइए आपको भी बता दें कि सोना और चांदी के क्या चल रहे हैं।

सोना के दाम में गिरावट
आज भारतीय वायदा बाजार में सोने के दाम में गिरावट देखने को मिल रही है। मौजूदा समय यानी 10 बजकर 50 मिनट पर सोना 399 रुपए की गिरावट के साथ 49710 रुपए प्रति दस ग्राम पर कारोबार कर रहा है। जबकि आज सोना 49850 रुपए पर खुला था। साथ ही कारोबारी सत्र के दौरान सोना 49634 रुपए के साथ निचले स्तर पर चला गया था। जबकि मंगलवार को सोना 50109 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। आपको बता दें कि दिसंबर के महीने में सोने के दाम में तेजी देखने को मिली है। नवंबर में सोना 47 हजार रुपए के स्तर पर चला गया था।

यह भी पढ़ेंः- शानदार तेजी के साथ खुले बाजार, सेंसेक्स 46 हजार अंकों की ओर

चांदी भी हुई सस्ती
वहीं दूसरी ओर भारतीय वायदा बाजार में चांदी की कीमत में भी गिरावट देखने को मिली है। मौजूदा समय 10 बजकर 53 मिनट पर चांदी 853 रुपए की गिरावट के साथ 64339 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। जबकि आज चांदी 64521 रुपए की गिरावट के साथ खुली थी। कारोबारी सत्र के दौरान चांदी के दाम 64163 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर गए। वहीं मंगलवार को चांदी 65192 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। आपको बता दें कि चांदी के दाम में लगातार तेजी देखने को मिली है। जबकि नवंबर के महीने में चांदी 59 हजार रुपए के स्तर पर चली गई थी।

विदेशी बाजारों में सोना और चांदी
अगर बात विदेशी बाजारों में सोना और चांदी के दाम में हल्की गिरावट का माहौल बना हुआ है। मौजूदा समय में कॉमेक्स पर सोना करीब 11 डॉलर प्रति ओंस की गिरावट के साथ 1864 डॉलर प्रति ओंस पर कारोबार कर रहा है। जबकि नवंबर के महीने में सोना 1750 डॉलर प्रति ओंस के स्तर से नीचे चला गया था। वहीं बात चांदी की बात करें तो 1.10 फीसदी की गिरावट के साथ 24.47 डॉलर प्रति ओंस पर कारोबार कर रही है। जबकि नवंबर के महीने चांदी 22 डॉलर प्रति ओंस पर आ गई थी।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3n1RJLf