Saturday, December 24, 2022

बिल्कुल अटलजी! 'मैं अटल हूं' से रिलीज हुआ पंकज त्रिपाठी का फर्स्ट लुक, एक्टर ने कही ये बात

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी चर्चित नेताओं में से एक रहे थे। उन्होंने अपनी राजनीति से भारत ही नहीं बल्कि दुनिया में भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। वह एक मृदुभाषी नेता, कवि, संवेदनशील व्यक्तित्व और जगनमित्र के रूप में जाने जाते हैं। राजनीतिक जीवन के अवाला अटल बिहारी वाजपेयी की निजी जिंदगी और संघर्ष भी हमेशा से उनका चाहने वालों को प्रेरित करता रहा है। ऐसे में दिग्गज प्रधानमंत्री की कहानी को फिल्मी पर्दे पर देखना किसी प्रेरणा से कम नहीं होगा। आपको बता दें, उनके जीवन पर जल्द ही एक फिल्म आने वाली है। इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा हो रही है। वहीं इस फिल्म में अटल का किरदार निभा रहे एक्टर ने अपने फर्स्ट लुक को रिलीज किया है।

अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका में नजर आएंगे पंकज त्रिपाठी
मराठी निर्देशक रवि जाधव इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं और फेमस एक्टर पंकज त्रिपाठी अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म के नाम की घोषणा हाल ही में की गई थी। वहीं फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी निभा रहे हैं, इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी है। इसके बाद अब उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म 'मैं अटल हूं' से जुड़ा अपना लुक शेयर किया है। इस लुक में वह अटल बिहारी वाजपेयी के भूमिका में दिखाई दे रहे हैं।

फैंस को पसंद आ रहा पकंज त्रिपाठी का लुक
लुक टीजर में पंकज त्रिपाठी अटल बिहारी वाजपेयी की तरह अलग-अलग लुक में दिखाई दे रहे हैं। उनका यह लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पंकज त्रिपाठी के फैंस उनके इस लुक को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अपने इस लुक को शेयर करते हुए पकंज त्रिपाठी ने लिखा, "अटल जी के व्यक्तित्व को पर्दे पर साकार करने के लिए मुझे संयम से मेरे व्यक्तिमत्व पर काम करना जरूरी है, यह मैं जानता हूँ। स्फूर्ति और मनोबल के आधार से मैं नई भूमिका को न्याय दे सकूंगा यह अटल विश्वास मुझे है। #MainAtalHoon सिनेमाघरों में, दिसंबर २०२३।"

तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रह चुके हैं अलट बिहारी वाजपेयी

बता दें, अटलजी की जयंती के मौके पर इस फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी के रूप में पंकज त्रिपाठी का फर्स्ट लुक सामने आया है। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी ने लंबे समय तक भारतीय राजनीतिक में अपनी अमिट छाप छोड़ी थी। 1996 से 2004 तक वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। 1996 में 13 दिन के लिए, फिर 1998 में 13 महीने के लिए और 1999 से 2004 तक पूरे पांच साल के लिए वह प्रधानमंत्री रहे। 16 अगस्त 2018 को लंबी बीमारी के बाद अटल बिहारी वाजपेयी जी का निधन हो गया था। वहीं अटल जी की इस बायोपिक की कहानी 'द अनटोल्ड वाजपेयी: पॉलिटिक्स एंड पैराडॉक्स' किताब पर आधारित होगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन यानी 25 दिसंबर 2023 को रिलीज हो सकती है।

यह भी पढ़ें: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभाकर पंकज त्रिपाठी को हो रहा गर्व, कहा - किसी परीक्षा से कम नहीं



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/lXZkSR6